Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur Event: गोपाल मैदान में जोहार ट्रस्ट व आदिवासी हो समाज महासभा का तीन दिवसीय राष्ट्रीय मागे महोत्सव शुरू, दिखी आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति

Jamshedpur.बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में शुक्रवार को जोहार ट्रस्ट और आदिवासी हो समाज महासभा पूर्वी सिंहभूम द्वारा तीन दिवसीय राष्ट्रीय मागे महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में कई राज्यों से आये आदिवासी कलाकारों ने मांदर और नगाड़ों की थाप पर नृत्य प्रस्तुत किया. महोत्सव में इस बार स्टॉल लगाये गये हैं, जहां आदिवासी व्यंजन, परिधान, पुस्तकेंजैसी विविध वस्तुएं प्रदर्शित की गयी हैं. महोत्सव में आदिवासी पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉलों पर खासा उत्साह देखा गया. महोत्सव में पहुंचे लोगों ने जहां सांस्कृतिक झलकियों का आनंद लिया, वहीं पारंपरिक पकवानों का स्वाद भी चखा. पूरे आयोजन स्थल पर संस्कृति, स्वाद और परंपरा का संगम देखने को मिला. शनिवार को अखड़ा मागे सुसुन पारंपरिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा.

इसमें देशभर से आयीं सर्वश्रेष्ठ नृत्य मंडलियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी. विजेता मंडली को 81 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जायेगा. इसके साथ ही स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं मेगा आर्ट फेस्ट में अपनी कला का जादू बिखेरेंगे. इस रंगारंग प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जायेगा. यह आयोजन न सिर्फ कला और संस्कृति को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और अपनी जड़ों से जुड़ने का भी अवसर देगा.

Exit mobile version