



जमशेदपुर। विद्यार्थियों को भविष्य के करियर विकल्पों के प्रति जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने के उद्देश्य से नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल एवं यंग इंडियन्स (Yi), जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘पंख 2026 – Ignite Your Aspirations’ का सफल आयोजन किया गया। करियर फेस्ट में शहर के 26 विद्यालयों के 635 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया।
करियर चयन और आत्म-पहचान पर दिया गया विशेष जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नकुल कामानी, अध्यक्ष, नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल, रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय की प्राचार्या परमिता राय चौधरी ने विद्यार्थियों को आत्म-पहचान, सही करियर चयन, बदलती दुनिया में नए कौशल सीखने और निरंतर सीखते रहने के महत्व पर प्रेरक संबोधन दिया।
उन्होंने कहा कि सही समय पर सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने की दिशा में मजबूत आधार प्रदान करता है।
AI, स्टार्टअप, डिजिटल मीडिया और एविएशन सहित कई क्षेत्रों के विशेषज्ञ पहुंचे
करियर फेस्ट में विभिन्न क्षेत्रों के अनुभवी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर की नई संभावनाओं से परिचित कराया। इनमें निभा शर्मा (पब्लिक रिलेशंस एवं कम्युनिकेशन), श्रद्धा अग्रवाल (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), अदिति मुरारका (कंटेंट क्रिएशन एवं डिजिटल मीडिया), कोयेशा मुखर्जी (स्टार्टअप एंटरप्रेन्योरशिप), वरुण गजदार (हॉस्पिटैलिटी एवं होटल मैनेजमेंट), अपूर्वा (डिजाइन), ऋषि (फाइनेंस एवं कॉर्पोरेट लीडरशिप), भावुक गुप्ता (ह्यूमन रिसोर्सेज) और दीपक राहुल (पायलट) शामिल रहे।
विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को संबंधित क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, आवश्यक कौशल, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इंटरएक्टिव सेशन्स बने आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा इंटरएक्टिव ब्रेकआउट सेशन्स रहे, जहां विद्यार्थियों ने छोटे समूहों में विशेषज्ञों से सीधे बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने करियर, उच्च शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप और कौशल विकास से जुड़े सवाल पूछे तथा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त किया।
यंग इंडियन्स की टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस आयोजन के सफल संचालन और समन्वय में यंग इंडियन्स, जमशेदपुर की चेयर श्रुति, को-चेयर भाविन और थलिर चेयर बिजल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजकों ने बताया कि ‘पंख 2026 – Ignite Your Aspirations’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, बदलती दुनिया के करियर अवसरों को समझने और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम ने अपने संदेश “Ignite Your Aspirations” को सार्थक करते हुए छात्रों को अपने सपनों को नई उड़ान देने का अवसर प्रदान किया।


