


Jamshedpur. टेल्को थाना क्षेत्र के टेल्को कॉलोनी में सोमवार की शाम चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई. पड़ोसियों ने देखा कि कॉलोनी स्थित एक क्वार्टर का ताला टूटा हुआ है. संदेह होने पर उन्होंने तुरत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर टेल्को थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने पाया कि घर के अंदर का सारा सामान बिखरा हुआ है और अलमारी का ताला टूटा पड़ा है.
पड़ोसियों ने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी. मकान मालिक ने अपने चचेरे भाई संजीव चौधरी को घटनास्थल पर भेजा. पुलिस ने उनके सामने ही पूरे घर का निरीक्षण किया. संजीव चौधरी ने बताया कि यह मकान उनके चाचा का है, जो गंगा स्नान के लिए बिहार के बेगूसराय स्थित सिमरिया गए हुए हैं. उन्होंने कहा कि चाचा के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि चोरों ने घर से कौन-कौन से सामान और कितने मूल्य की संपत्ति चोरी कर ले गए हैं. पुलिस ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.



