


जमशेदपुर. सोनारी के आदर्श नगर के रहने वाले अमित गिरि को बाइक की किस्त का पैसा जमा नहीं करा पाने के विवाद में फाइनेंस कंपनी के एजेंटों ने मारकर जख्मी कर दिया. घटना जुबली पार्क में घटी. गंभीर रूप से घायल अमित को टीएमएच में भर्ती कराया है. यहां पर उसकी हालत काफी गंभीर है.
अमित गिरि अपने एक दोस्त के साथ स्पलेंडर बाइक से जुबली पार्क में खड़ा था. इस बीच ही फाइनेंस कंपनी के एजेंट वहां पर पहुंच गया और अमित से बाइक की चाभी छिनने लगा था. इसका विरोध करने पर एजेंट ने चापड़ निकाला और उसपर ताबड़तोड़ कई वार किये. घटना में अमित के बांए हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई है.
चापड़ के वार से बाएं हाथ में गहरा जख्म आया है. अमिता को तत्काल टीएमएच पहुंचाया गया. यहां पर उसकी हालत काफी गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद बिष्टूपुर पुलिस ने आरोपी फाइनांस कंपनी के एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है. इसके बाद उसे थाने पर लाकर पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस यह जानना चाह रही है कि वसूली में वह चापड़ लेकर क्यों आया था?



