


Jamshedpur. बिष्टुपुर के अत्यंत व्यस्त खाऊ गली में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बेखौफ अपराधियों ने खुलेआम गोलीबारी कर दी. यहां चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह गुड्डू को गोली मार दी. घटना गुरुवार रात नौ बजे की है. घटना खाऊ गली में घटी,जहां बाइक सवार अपराधियों ने वारदात को संजाम दिया. गंभीर हालत में समरेश को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है. सुखराम सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक हैं. पुलिस अपराधियों की तलाश में जमशेदपुर और सरायकेला में छापेमारी कर रही है.
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. यह वारदात डीएम मदन स्कूल (केएमपीएम वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर) के ठीक सामने हुई, जहां अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. गोली लगने की घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई और स्थानीय दुकानदारों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए. घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है. गोली मारने के बाद अपराधी घटनास्थल से फरार हो गए.
विधायक सुखराम उरांव की बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक सुखराम उरांव के करीबी और झामुमो नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर समरेश सिंह की स्थिति का जायजा लिया. पार्टी नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की है. विधायक सुखराम उरांव ने एक बयान में कहा कि समरेश सिंह पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता हैं और उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया है.
जमशेदपुर एसएसपी ने यह कहा
जमशेदपुर एसएसपी पियूष पांडे ने बताया, घटना गंभीर है. हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है. सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और तकनीकी विश्लेषण के जरिए हम जल्द ही अपराधियों को पकड़ लेंगे.



