Jamshedpur. मानगो के गुरुद्वारा रोड पर राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या के बाद बदले की कार्रवाई की आशंका को लेकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस का दावा है कि प्रवीर सिंह उर्फ छोटू के गिरोह के सदस्य राहुल बच्चा की हत्या का बदला लेने के लिए अपने विरोधियों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इस सिलसिले में पुलिस ने छापेमारी कर दो युवकों को हिरासत में लिया, जिनके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई है पुलिस के अनुसार, 23 अक्टूबर शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रवीर सिंह उर्फ छोटू अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर प्रतिद्वंद्वी पक्ष के लोगों की हत्या की योजना बना रहा है। सूचना में यह भी बताया गया था कि संभावित वारदात को अंजाम देने के लिए अवैध हथियार जुटाए जा रहे हैं।

सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित ठिकानों पर छापेमारी की और दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान बदले की कार्रवाई की योजना से जुड़ी जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने हथियार और गोली जब्त कर ली। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान न्यू उलीडीह निवासी शुभम कुमार साव और मानगो गुरुद्वारा रोड निवासी अभिषेक सिंह उर्फ लाड (22) के रूप में हुई है।

गौरतलब है कि 8 जुलाई 2026 को मानगो के गुरुद्वारा रोड पर राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या कर दी गई थी। इस घटना को लेकर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के मुताबिक, इस हत्याकांड के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फिलहाल मामले का अनुसंधान जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुभम कुमार साव के खिलाफ ओलीडीह, परसुडीह, गोविंदपुर, मानगो और बिष्टुपुर थानों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। वहीं, अभिषेक सिंह उर्फ लाड के खिलाफ भी हत्या का मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

