
Jamshedpur. जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से चेन छिनतई हो गयी. पीड़िता पूर्व नौसैनिक योगेश्वर नन्द सिंह की पत्नी श्वेता सिंह हैं. घटना शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब श्वेता सिंह टेल्को कॉलोनी स्थित जीई हॉस्टल से लुपिटा चर्च की ओर जा रही थीं, तभी कार में सवार बदमाशों ने पीछा किया. जैसे ही मौका मिला, कार की पिछली खिड़की से एक बदमाश ने अपना सिर और हाथ बाहर निकालते हुए उनके गले से सोने की चेन झपट ली. घटना के दौरान बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया और फरार हो गए.इस घटना में श्वेता सिंह के गले के पीछे खरोंच और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं.
उन्होंने बताया कि मंगलसूत्र की कीमत करीब एक से डेढ़ लाख रुपये के बीच है. यह वारदात तब हुई जब वे अपने घर टेल्को राधिका नगर, खड़ंगझार से रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं. घटना के बाद पीड़िता टेल्को थाना पहुंचीं और पूरी घटना की जानकारी थाना प्रभारी को दी.पुलिस इस मामले में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ छिनतई का केस दर्ज कर घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
