


जमशेदपुर: टाटानगर रेल पुलिस ने शनिवार सुबह एर्नाकुलम–टाटा एक्सप्रेस के एसी कोच से एक महिला यात्री का शव बरामद किया. मृतका की पहचान घाटशिला के महुलिया निवासी 31 वर्षीय अंजली मार्डी के रूप में हुई है.अंजली विवाहित थीं और आंध्र प्रदेश में काम कर रही थीं. लौटते समय ट्रेन में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि बीमारी के कारण ही उनकी मौत हुई.घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा. आसपास के यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी के पास घटना के बारे में विशेष जानकारी नहीं थी.
शव को टाटानगर स्टेशन पर उतार दिया गया और परिजनों को सूचना दे दी गई है. समाचार लिखे जाने तक परिवार का कोई सदस्य स्टेशन नहीं पहुंच पाया था. परिजनों के आने के बाद ही इस मामले में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. रेल पुलिस मामले की जांच कर रही है कि महिला की मौत केवल बीमारी के कारण हुई या इसमें कोई अन्य वजह भी शामिल है.



