
जमशेदपुर,। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में अगस्त माह में की गई कार्रवाई की समीक्षा के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
अगस्त में 440 टन अवैध खनिज जब्त
बैठक में बताया गया कि अवैध खनिकर्म और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अगस्त में कुल 23 निरीक्षण किए गए। कार्रवाई के दौरान कुल 440 टन अवैध खनिज जब्त किया गया।
जब्त खनिज में 284 टन बालू और 160 टन पत्थर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान अवैध खनिजों के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 11 वाहनों को भी जब्त किया गया।
जब्त वाहनों में पांच हाईवा, पांच ट्रैक्टर और एक 407 वाहन शामिल है। संबंधित मामलों में एक प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि कार्रवाई के दौरान 10 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
अवैध खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी
उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित पदाधिकारियों को अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निरीक्षण और जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संबंधित विभागों और पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने तथा सूचना मिलने पर तत्काल जांच और कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिले में 9.68 लाख टन से अधिक बालू का स्टॉक
बैठक में जिले में बालू खनिज के वैध भंडारण की भी समीक्षा की गई। प्रशासन के अनुसार पंजीकृत बालू डीलरों के स्टॉक में कुल 9,68,905.52 टन बालू उपलब्ध है।
इस स्टॉक में गुड़ाबांदा प्रखंड के सात डीलर, बहरागोड़ा के दो डीलर और धालभूमगढ़ के एक डीलर शामिल हैं।
अभिलेखों की जांच के भी निर्देश
उपायुक्त ने बालू एवं अन्य खनिजों के अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही खनिजों के वैध भंडारण एवं परिवहन से संबंधित अभिलेखों की नियमित जांच करने और नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीसी अनुराग तिवारी, डीटीओ, डीएमओ, ट्रैफिक डीएसपी समेत संबंधित विभागों और एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
