


Jamshedpur. जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू गुरुवार को जमशेदपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचीं. उन्होंने कहा कि लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे सीतारामडेरा, सिदगोड़ा थाना क्षेत्र समेत तटीय इलाकों में बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है. स्थिति का जायजा लेने हमने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं समझीं. स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा. विधायक ने निरीक्षण के पश्चात जिला उपायुक्त, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त, जुस्को, बिजली विभाग और खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी से बातचीत कर निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और सहायता कार्य तत्काल शुरू हो. साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी ज़रूरी संसाधन समय पर उपलब्ध हों, जिससे नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो.



