Site icon Lahar Chakra

जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के दौरान हेलमेट और ट्रैफिक चेकिंग रोकने की मांग, जदयू नेता पहुंचे डीसी के पास

Jamshedpur : दुर्गा पूजा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर जनता दल (यू) का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को उपायुक्त से मिला और ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने किया.

ज्ञापन में कहा गया कि पूजा के दिनों में साकची, बिष्टुपुर, जुगसलाई और मानगो जैसे प्रमुख बाजार क्षेत्रों में रोज़ाना लाखों श्रद्धालु खरीदारी और पूजा सामग्री लेने पहुंचते हैं. इस दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी असुविधा झेलनी पड़ती है.

जदयू ने यह भी आरोप लगाया कि त्योहार के समय पुलिस द्वारा की जाने वाली ट्रैफिक चेकिंग से जाम और बढ़ जाता है. कई बार लोग घंटों तक जाम व चेकिंग में फंसे रहते हैं, जिससे त्योहार का उत्साह फीका पड़ जाता है. वहीं, कई चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल खराब रहने के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है. मानगो पुल, डिमना रोड, गोलमुरी और बर्मामाइंस क्षेत्र में सड़क हादसों की संख्या बढ़ने पर भी चिंता जताई गई.

पार्टी नेताओं ने भारी वाहनों के दिन में शहर में प्रवेश और सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग को जाम व दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बताया. उन्होंने मांग की कि विजयादशमी तक हेल्मेट और ट्रैफिक चेकिंग अभियान को रोका जाए, प्रमुख बाजारों और पुलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और भारी वाहनों के दिन में प्रवेश पर रोक लगाई जाए.

प्रतिनिधिमंडल में कुलविंदर सिंह पन्नू, अजय कुमार, विकास साहनी, आकाश शाह, नीरज सिंह, राजेश कुमार, प्रेम सक्सेना, अमृता मिश्रा, विनोद सिंह, भारत पांडे, विजय सिंह, दीपक गौड़, विकास रजक, ममता सिंह, प्रवीण सिंह, लालू गौड़, राकेश कुमार, बबलू कुमार, शंकर कर्मकार, अर्जुन यादव, चुन्नू भूमिज, अशोक कुमार, अतुल सिंह, मनोज ओझा, दिलीप प्रजापति और गणेश चंद्र समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Exit mobile version