जमशेदपुर। कुष्ठ रोग की समय पर पहचान और इलाज से इससे होने वाली दिव्यांगता को रोका जा सकता है। इस संदेश के साथ मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), जुगसलाई में ‘मेरी दोस्ती तुमसे अभियान’ के तहत कुष्ठ रोग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्यकर्मियों और संबंधित विभाग के प्रतिनिधियों ने बीमारी के लक्षण, जांच, उपचार और बचाव की जानकारी दी।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मृत्युंजय धावड़िया ने बताया कि जिले में कुष्ठ रोगी खोज अभियान (एलसीडीसी) 9 दिसंबर से 23 दिसंबर 2026 तक चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सहिया और पुरुष वॉलंटियर घर-घर जाकर लोगों की शारीरिक जांच करेंगे। जांच के दौरान कुष्ठ रोग के संदिग्ध लक्षण मिलने पर संबंधित व्यक्ति को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जाएगा, जहां चिकित्सक जांच कर बीमारी की पुष्टि करेंगे। डॉ. धावड़िया ने कहा कि शुरुआती अवस्था में रोग की पहचान और उपचार शुरू होने से दिव्यांगता की आशंका कम की जा सकती है।
त्वचा पर दाग और सुन्नपन को न करें नजरअंदाज
जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो ने बताया कि शरीर पर किसी भी प्रकार का दाग हो और उस स्थान पर निश्चित रूप से सुन्नपन महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग न तो अभिशाप है और न ही पिछले जन्म का पाप। यह बैक्टीरिया से होने वाली बीमारी है, जिसका इलाज सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कुष्ठ रोग के प्रमुख लक्षणों, प्रकार, उपचार और इससे होने वाली दिव्यांगता के बारे में भी जानकारी दी।
सेल्फ केयर और रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की दी जानकारी
कार्यक्रम में डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती ने कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के लिए सेल्फ केयर के महत्व को समझाया। उन्होंने रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उचित चिकित्सा प्रक्रिया के माध्यम से कुष्ठ रोग से जुड़ी कुछ शारीरिक विकृतियों को ठीक करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने सहियाओं को कुष्ठ विभाग की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रखंड लेखा प्रबंधक श्यामा प्रसाद महापात्र, एपिडेमियोलॉजिस्ट, पीएमडब्ल्यू संगीता चाकी, डेमियन फाउंडेशन के दुर्योधन बागती और बीटीटी खोखन पासरो का योगदान रहा।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि शरीर पर दाग के साथ सुन्नपन जैसे लक्षण दिखने पर जांच कराने में देर न करें। समय पर इलाज से कुष्ठ रोग को नियंत्रित किया जा सकता है और दिव्यांगता से बचाव संभव है।
