
Jamshedpur. टाटानगर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग क्षेत्र के जुगसलाई स्टेशन रोड और बागबेड़ा-कीताडीह रोड स्थित चार लाइसेंसी शराब दुकानों के लाइसेंस को रद्द कराने में फिर से जुट गया। चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने उपायुक्त और उत्पाद आयुक्त को पत्र दिया है। रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर ने पहले चारों शराब दुकान संचालक को नोटिस दिया था, लेकिन शराब की दुकानें बंद नहीं हुईं।
जानकार बताते हैं कि रेलवे लीज नियम के अनुसार, व्यवसाय के लिए आवंटित जमीन पर नशा और विस्फोटक सामग्री की दुकान नहीं खोला जा सकता, लेकिन उत्पाद विभाग से लाइसेंस जारी हो गया। इससे लोगों ने फोटो के साथ अधिकारियों से शिकायत की थी। इसके बाद से रेलवे इंजीनियरिंग विभाग शराब दुकानों को बंद कराने में जुटा है।
सूचना के अनुसार, कुछ दिनों पहले स्टेशन करनडीह रोड स्थित शराब दुकान को बंद कराने के साथ रेलवे ने तुड़वा दिया था, लेकिन स्टेशन रोड की शराब दुकान को बंद कराने की कार्रवाई अगस्त के पहले सप्ताह से कर रहा है। रेल अधिकारियों को उम्मीद है कि, उपायुक्त की पहल से प्रावधान के खिलाफ शुरू शराब की दुकान बंद हो जाएगी।
