Jamshedpur. झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने रविवार को टाटानगर से देवघर के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन (08119) का परिचालन किया। शाम सात बजे प्लेटफॉर्म नंबर-5 से रवाना हुई इस ट्रेन से हजारों परीक्षार्थियों को राहत मिली। ट्रेन में 12 स्लीपर और चार जनरल कोच लगाए गए थे। यह स्पेशल ट्रेन आदित्यपुर, गम्हरिया, पुरुलिया, आसनसोल, रामपुरहाट, साहिबगंज, भागलपुर और बांका होते हुए देवघर पहुंची। इससे संथाल परगना और रास्ते के विभिन्न शहरों में परीक्षा केंद्रों तक जाने वाले अभ्यर्थियों को सुविधा मिली। JTET परीक्षा को लेकर रविवार दोपहर से ही टाटानगर स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। शाम होते-होते प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफॉर्म पर रस्सियों से बैरिकेडिंग कर यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से ट्रेन में चढ़ाने की व्यवस्था की। सुरक्षा की कमान RPF और GRP के अधिकारियों एवं जवानों ने संभाली।

स्पेशल ट्रेन के बावजूद नियमित ट्रेनों में अफरा-तफरी
अतिरिक्त परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाए जाने के बावजूद नियमित ट्रेनों में भी भारी भीड़ देखने को मिली। रात 8:10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-2 से रवाना हुई टाटानगर-आनंद विहार एक्सप्रेस में यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जनरल और स्लीपर कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। कई युवाओं को ट्रेन के गेट और पायदान पर लटककर सफर करते देखा गया। धक्का-मुक्की के बीच कुछ परीक्षार्थियों के बैग और जरूरी सामान प्लेटफॉर्म पर ही छूट गए।
यही स्थिति टाटानगर से रवाना हुई टाटा-कटिहार एक्सप्रेस में भी देखने को मिली।

उत्तर बिहार और बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों से ट्रेन खचाखच भरी रही। आरक्षित कोचों में भी परीक्षार्थियों और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों के सवार होने से नियमित यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से यात्रियों से संयम बरतने और पायदान पर यात्रा नहीं करने की अपील की। इसके बावजूद परीक्षा छूटने की आशंका के चलते कई परीक्षार्थी भीड़ के बीच ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते नजर आए।

