


Jamshedpur. जमशेदपुर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एमजीएम थाना क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी। ओम प्रकाश (38 वर्ष), निवासी मुखियाडांगा, एमजीएम थाना क्षेत्र। जितेन्द्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा (26 वर्ष), वर्तमान निवासी मानगो को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात करीब 1 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला गंभीर अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंची और घायल महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने एमजीएम थाना कांड संख्या 81/2026 दर्ज किया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1), 126(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से सात अंग्रेजी शराब की खाली बोतलें, एक बीयर की खाली बोतल, तीन प्लास्टिक डिस्पोजल गिलास तथा घटना में प्रयुक्त ब्लू रंग की अपाची मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।


