


Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम का आम आम्रपाली अब सऊदी अरब में भी अपनी मिठास बिखेर रहा है. जेद्दा और रियाद में आयोजित मैंगो मेनिया फेस्टिवल में यहां के किसानों द्वारा उगाए गए आमों की जबरदस्त मांग देखी जा रही है. फेस्टिवल में आम्रपाली आम को प्रति किलो 19.95 सऊदी रियाल यानी लगभग 461 रुपए में बेचा जा रहा है. फेस्टिवल का उद्घाटन जेद्दा में भारत के काउंसिल जनरल एच.ई. फाहद अहमद खान ने किया.
यह फेस्टिवल 17 जुलाई तक चलेगा. बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत इन जिलों में किसानों ने आम्रपाली किस्म के आमों की बागवानी की थी. फेस्टिवल में पूर्वी सिंहभूम के पटमदा प्रखंड के किसान अशोक कुमार महतो के बागों से आमों का चयन किया गया है.
परसुडीह बाजार समिति के पणन सचिव बोले
परसुडीह कृषि उत्पादन बाजार समिति के पणन सचिव अभिषेक आनंद ने बताया कि सीजन फार्म फ्रेश कंपनी के संचालक अब्दुल हामिद खान के माध्यम से इन आमों का निर्यात किया गया है. अब प्रशासन का लक्ष्य है कि भविष्य में हरी सब्जियों का भी निर्यात शुरू किया जाए.
पटमदा के लोवाडीह निवासी किसान अशोक महतो ने बताया कि पहले वे जिस जमीन पर सब्जी की खेती करते थे, वहीं वर्ष 2019-20 में आम के पौधे लगाए. दो एकड़ भूमि पर आम्रपाली और मंदाकिनी किस्म के कुल 500 पौधे लगाए गए. इस बार 22 क्विंटल आम थोक विक्रेताओं को बेच दिए. इसके बाद बाजार समिति ने 14 रुपए प्रति किलो की दर से 13 क्विंटल आम की खरीदारी की .



