
Jamshedpur. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और फिट इंडिया अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सांसद खेल महोत्सव के तहत जमशेदपुर में रविवार को 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व सांसद विद्युत वरण महतो ने किया जबकि आयोजन की जिम्मेदारी सांसद खेल महोत्सव समिति ने संभाली।विभिन्न आयु वर्ग के धावको ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया.
युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और खेल प्रेमियों की भारी उपस्थिति ने पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया. दौड़ का शुभारंभ निर्धारित स्थान जेआरडी स्पोर्ट्स कंपलेक्स से सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया.
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों के जोश और फिटनेस के प्रति जागरूकता देखने लायक थी। प्रतियोगिता सुचारू रूप से संपन्न करने हेतु रास्ते में मेडिकल टीम, पानी की व्यवस्था, सुरक्षा बल और स्वयंसेवक लगातार लगे रहे।मैराथन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, सामाजिक संगठनों, खेल प्रशिक्षकों और स्थानीय युवाओं का अहम योगदान रहा. महिला और पुरुष दोनों वर्गों में प्रथम से पांचवें स्थान तक आने वाले धावकों को पुरस्कृत किया गया.
दोनों वर्ग के विजेताओं को 20-20 हजार, उप विजेता को 15-15 हजार, तृतीय स्थान वाले को 10-10 और चौथे एवं पांचवें स्थान वाले को 5-5 हजार रुपए नकद पुरस्कार दिए गए. सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह आयोजन न सिर्फ खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि समाज को स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच के प्रति प्रेरित करेगा। उन्होंने युवाओं से नियमित खेल और व्यायाम को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया.