


Jamshedpur. पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गांजे की यह खेप ओडिशा से जमशेदपुर ले जाई जा रही थी। गालूडीह थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गालूडीह बराज के पास कैनाल रोड पर घेराबंदी कर यह कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के पास से गांजे के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और काला हेलमेट भी जब्त किया है। रविवार को ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 15 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल से गांजा लेकर ओडिशा से गालूडीह के रास्ते जमशेदपुर की ओर जा रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में तत्काल छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने गालूडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर तीन लोगों को आते देखा। संदेह के आधार पर पुलिस ने मोटरसाइकिल को रोककर तीनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गांजा बरामद होने के बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया।
जमशेदपुर के रहने वाले हैं तीनों गिरफ्तार आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश कुमार सिंह (43), निवासी रेलवे कॉलोनी, संजय नगर, बागबेड़ा थाना क्षेत्र; श्याम नाथ राय (38), निवासी जेम्को मनीफीट, टेल्को थाना क्षेत्र; और बाबूलाल यादव (50), निवासी रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी, बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ आरोपियों के कब्जे से इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल और हेलमेट भी अपने कब्जे में ले लिया। तीनों को थाने लाकर पूछताछ की गई।

