जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में डिमना चौक से धालभूमगढ़ स्थित गजानंद फैक्ट्री तक विशेष अभियान चलाकर 27 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 1 लाख 73 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव और ट्रैफिक डीएसपी के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों की जांच की गई।

अवैध पार्किंग पर नियमित होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिक्रमण एवं अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती है।
वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील
प्रशासन ने वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत रूप से वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

