Jamshedpur. जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजनम नगर के पास एक भाई द्वारा दूसरे भाई पर चाकू से हमला कर उसे मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। इस घटना में 12 वर्षीय सनी बिरवा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक के शरीर पर चाकू के आठ घाव थे। मिली जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 5 बजे के आसपास की बताई जा रही है।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और झगड़ा हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर भाई गणेश ने सनी पर चाकू से हमला कर दिया। हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद परिजनों ने दोस्तों की मदद ली। इसके बाद घायल सनी को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


