जमशेदपुर। शहर में पहली बार चिकित्सकों के लिए विशेष टेबल टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। पूर्वी सिंहभूम जिला टेबल टेनिस संघ (ESDTTA) की पहल और खेल विभाग के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 21 नवंबर को जेआरडी टाटा टेबल टेनिस ट्रेनिंग सेंटर में संपन्न हुई। इसमें शहर के विभिन्न अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों से जुड़े करीब 20 डॉक्टरों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), एमजीएम मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, विष्णु नेत्रालय, मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज और नारायणा हेल्थ सहित कई संस्थानों के चिकित्सकों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

मेंस ओपन में डॉ. समीर वूली ने जीता खिताब
मेंस ओपन वर्ग में टाटा मणिपाल के डॉ. समीर वूली ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। एमजीएम के डॉ. कुमार नरेन चंद्र उपविजेता रहे, जबकि डॉ. सुजीत कुमार मुर्मू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विमेंस ओपन वर्ग में टीएमएच की डॉ. संजीता विजेता बनीं। इसी संस्थान की डॉ. तरन्नुम को उपविजेता का खिताब मिला।
वेटरन्स वर्ग में डॉ. विभूति भूषण चैंपियन
50 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए आयोजित वेटरन्स वर्ग में विष्णु नेत्रालय के डॉ. विभूति भूषण ने पहला स्थान हासिल किया। टीएमएच के डॉ. आसिफ अहमद उपविजेता और डॉ. राजेश ठाकुर द्वितीय उपविजेता रहे।
हर वर्ष आयोजन कराने की मांग
जमशेदपुर में अपनी तरह की इस पहली प्रतियोगिता को लेकर चिकित्सकों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना करते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला टेबल टेनिस संघ से इसे हर वर्ष आयोजित करने का आग्रह किया। उनका मानना था कि इस तरह के आयोजन से चिकित्सकों को व्यस्त दिनचर्या के बीच खेल और शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
टूर्नामेंट का संचालन रेफरी किरण बिहारी शुक्ला (केबी शुक्ला) के नेतृत्व में किया गया। मैच अधिकारियों के रूप में एल.एन. मित्रा, पवन कुमार, साई ऋषिक, ईशान राज, आयुष और सुयश ने जिम्मेदारी निभाई। समापन समारोह में टीएमएच के डॉ. आसिफ अहमद ने विजेताओं और उपविजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।
इसकी जानकारी पूर्वी सिंहभूम जिला टेबल टेनिस संघ के मानद सचिव उज्ज्वल कुमार चटर्जी ने दी।

