


जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर के पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर मंडल में संगठन विस्तार किया गया है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और पार्टी की गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से रविवार को मंडल पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई।
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के निर्देशानुसार जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह ने नवनियुक्त मंडल पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। बिरसानगर मंडल अध्यक्ष संजीव बनर्जी उर्फ बापन बनर्जी के नेतृत्व में नई मंडल कमेटी का गठन किया गया है।
नई कमेटी में देबाशीष चंद्रा, कृपा गोप, मनीष पांडेय और रुपाली सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं जय प्रकाश सिंह ‘भोला’ और तापस कर्माकर को महामंत्री बनाया गया है।
मंडल मंत्री के रूप में कृष्णा बारीक, नरेश राव, सूरज गोप और लाजो देवी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। चंदन बारीक को कोषाध्यक्ष तथा बिजय प्रकाश ठाकुर को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
इसी तरह राजा डे को कार्यालय मंत्री और सुब्रतो सेतुआ को सह कार्यालय मंत्री का दायित्व दिया गया है। ओंकार सिंह सोशल मीडिया प्रभारी, संजय पॉल आईटी सेल प्रभारी और अजय रजक सह आईटी सेल प्रभारी बनाए गए हैं।
पार्टी ने नीरज कुमार बारीक को मीडिया प्रभारी तथा माला दास को सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी है।
इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर उपाध्यक्ष संजीव सिंह ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों के सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि मजबूत संगठन के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है।
पदाधिकारियों की घोषणा के बाद बिरसानगर मंडल अध्यक्ष संजीव बनर्जी उर्फ बापन बनर्जी के नेतृत्व में नवनियुक्त पदाधिकारी साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह समेत अन्य पार्टी पदाधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने नवनियुक्त मंडल पदाधिकारियों का अंगवस्त्र भेंटकर एवं मुंह मीठा कराकर स्वागत किया। सभी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए भाजपा की विचारधारा, सिद्धांत और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, जिला महामंत्री राजीव सिंह, कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया, आईटी सेल संयोजक बिनोद कुमार सिंह, राकेश दुबे समेत कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

