
JAMSHEDPUR: उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में आम नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष ड्राइविंग लाइसेंस निर्माण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गुरुवार को पटमदा प्रखंड कार्यालय परिसर में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
155 आवेदकों ने कराया पंजीकरण, 124 को मिला लर्नर लाइसेंस
आयोजित विशेष शिविर में कुल 155 आवेदकों ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं निर्धारित प्रक्रिया तथा परीक्षा पूरी करने के बाद 124 आवेदकों को लर्नर लाइसेंस जारी किया गया। वहीं, शेष आवेदनों में आवश्यक दस्तावेजों अथवा निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
यह विशेष अभियान ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को परिवहन सेवाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
सफल अभ्यर्थियों को वितरित किया गया लर्नर लाइसेंस
विशेष शिविर में सफल अभ्यर्थियों को जिला परिवहन पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रखंड प्रमुख बालिका सोरेन एवं मोटरयान निरीक्षक सूरज हेम्ब्रम द्वारा लर्नर लाइसेंस प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी आवेदकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया।
सड़क सुरक्षा को लेकर किया गया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित अधिकारियों ने वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जन-जागरूकता और यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी तथा सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ की टीम भी मौजूद रही। प्रशासन द्वारा जिले के अन्य प्रखंडों एवं पंचायतों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ऐसे विशेष शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।
