


हाजीपुर: यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने पटना और एसएमवीटी बेंगलूरु के बीच चल रही दानापुर-एसएमवीटी बेंगलूरु स्पेशल ट्रेन को नियमित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 22365/22366 दानापुर-एसएमवीटी बेंगलूरु-दानापुर एक्सप्रेस का नियमित परिचालन 1 सितंबर 2026 से शुरू होगा।
दानापुर से ट्रेन संख्या 22365 का नियमित परिचालन 1 सितंबर से प्रतिदिन और एसएमवीटी बेंगलूरु से ट्रेन संख्या 22366 का परिचालन 3 सितंबर 2026 से प्रतिदिन किया जाएगा। ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे। इनमें 2 एलएसएलआरडी, 7 साधारण द्वितीय श्रेणी, 10 शयनयान, 3 तृतीय वातानुकूलित और 2 द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के कोच शामिल हैं।
दानापुर से बेंगलूरु का समय
ट्रेन संख्या 22365 दानापुर-एसएमवीटी बेंगलूरु एक्सप्रेस प्रतिदिन दानापुर से दोपहर 2:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 3:16 बजे आरा, 4:13 बजे बक्सर, 5:53 बजे डीडीयू और रात 8:25 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन अगले दिन सुबह 3:25 बजे जबलपुर, 7:20 बजे इटारसी, दोपहर 12:05 बजे नागपुर और रात 11:35 बजे विजयवाड़ा पहुंचेगी। तीसरे दिन सुबह 7:55 बजे पेरम्बूर और 9:50 बजे काटपाडी होते हुए दोपहर 2:30 बजे एसएमवीटी बेंगलूरु पहुंचेगी।
इस तरह दानापुर से बेंगलूरु जाने वाले यात्रियों को नियमित दैनिक ट्रेन सेवा उपलब्ध होगी। ट्रेन बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक को रेल कनेक्टिविटी से जोड़ेगी।
बेंगलूरु से दानापुर वापसी का समय
ट्रेन संख्या 22366 एसएमवीटी बेंगलूरु-दानापुर एक्सप्रेस 3 सितंबर 2026 से प्रतिदिन रात 11:50 बजे एसएमवीटी बेंगलूरु से रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 3:50 बजे काटपाडी और 5:55 बजे पेरम्बूर पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन दोपहर 2:55 बजे विजयवाड़ा, तीसरे दिन रात 1 बजे नागपुर, सुबह 5:50 बजे इटारसी, 9 बजे जबलपुर और शाम 5:30 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी। ट्रेन रात 8:58 बजे डीडीयू, 10:10 बजे बक्सर और 11:01 बजे आरा होते हुए देर रात 12:15 बजे दानापुर पहुंचेगी।
रेलवे के इस फैसले से बिहार और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को नियमित रेल सेवा का लाभ मिलेगा। दानापुर से एसएमवीटी बेंगलूरु के बीच ट्रेन का दैनिक परिचालन शुरू होने से यात्रियों के लिए लंबी दूरी की यात्रा में एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।

