जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने व्यक्तिगत और सामाजिक समस्याओं के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आवेदन और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।

जन शिकायत निवारण दिवस में राशन कार्ड, दुकान आवंटन, मंइयां सम्मान योजना, होमगार्ड बहाली, जमीन विवाद, आवास, जलजमाव, मुख्य सड़क और जमीन अतिक्रमण समेत कई मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। नागरिकों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित दस्तावेजों के साथ आवेदन सौंपे।

दिव्यांग नागरिक ने ई-ट्राई साइकिल की मांग रखी
कार्यक्रम के दौरान एक दिव्यांग नागरिक ने ई-ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में नागरिकों ने बीएलओ से संबंधित शिकायतों और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को भी उपायुक्त के समक्ष रखा। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिकायतों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उनमें नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए आवेदक को मामले की स्थिति की जानकारी भी दी जाए। जिला प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है।

