New Delhi. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार ने आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा और राज्यसभा की बैठक क्रमश 30 नवंबर और दो दिसंबर को फिर से बुलाने का फैसला किया है। रीजीजू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन से क्रमशः 30 नवंबर और दो दिसंबर, 2026 को सदनों की बैठक फिर से बुलाने का अनुरोध किया है।

उन्होंने कहा कि यह बैठक आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने और कामकाज की जरूरतों के अनुरूप बुलाई गई है। रीजीजू ने कहा कि दोनों सदनों की बैठक तीन दिसंबर को समाप्त हो सकती है। सरकार के इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक बुधवार, दो दिसंबर को होगी।
संसद के मानसून सत्र में दोनों सदनों की कार्यवाही बीते 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई थी।


