Jamshedpur. मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र में चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चुना शाह कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने के आभूषणों की चोरी कर ली। घटना गुरुवार दोपहर की है। मिली जानकारी के अनुसार, मकान में रहने वाली जीनत और उनके परिवार के सदस्य किसी आवश्यक काम से बाहर गए हुए थे। घर में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान मौका पाकर एक चोर मकान में घुस गया और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।

घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मकान में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। फुटेज के अनुसार, संदिग्ध करीब 10 मिनट तक घर के अंदर रहा और फिर बाहर निकल गया। आशंका है कि इसी दौरान उसने नकदी और आभूषणों की चोरी की। परिवार के सदस्य जब घर लौटे तो अंदर का सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। घर की जांच करने पर नकदी और सोने के गहने गायब मिले। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और चोरी की घटना का खुलासा करने में जुटी है।
दिनदहाड़े बंद मकान में हुई इस चोरी की घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।

