Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: मिथिला सांस्कृतिक परिषद के रक्तदान शिविर में 207 यूनिट रक्त संग्रह, रघुवर दास समेत कई अतिथि हुए शामिल

जमशेदपुर। मिथिला सांस्कृतिक परिषद, जमशेदपुर की ओर से रविवार, 20 सितंबर को गोलमुरी स्थित विद्यापति परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर रक्तदान किया। आयोजकों के अनुसार शिविर में कुल 207 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएमए के सचिव डॉ. सौरभ चौधरी, परिषद के ट्रस्टी सुरेश नारायण ठाकुर और इंद्रनाथ मिश्रा उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम

अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान पंडित बिपिन झा ने स्वस्तिवाचन किया, जबकि शंकर नाथ झा ने ‘जय जय भैरवी भगवती’ वंदना प्रस्तुत की। परिषद के अध्यक्ष आकाश चंद्र मिश्रा और महासचिव शिव चंद्र झा ने सभी अतिथियों को पाग और दुपट्टा देकर सम्मानित किया।

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि मिथिला समाज अपनी सभ्यता और संस्कृति के लिए जाना जाता है। उन्होंने रक्तदान शिविर के आयोजन को समाजसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्य अतिथि कुणाल षाड़ंगी ने रक्तदान को समाज के लिए महत्वपूर्ण सेवा बताते हुए कहा कि कोल्हान प्रमंडल में रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता है। उन्होंने जमशेदपुर के लोगों की रक्तदान के प्रति सक्रिय भागीदारी की सराहना की।

रक्तदान को बताया ‘महादान’

अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि मिथिला भाषी समाज के लोगों में सामाजिक जागरूकता है, जिसका उदाहरण रक्तदान शिविर में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि मिथिला समाज के लोगों से उनका पुराना संबंध रहा है और वे सुख-दुख में उनके साथ रहने की बात कही।

आईएमए सचिव डॉ. सौरभ चौधरी ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि नियमित रक्तदान और रक्त संग्रह से जरूरतमंद लोगों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। उन्होंने मिथिला सांस्कृतिक परिषद के सदस्यों को भविष्य में भी सहयोग का भरोसा दिया।

परिषद के ट्रस्टी सुरेश नारायण ठाकुर और इंद्रनाथ मिश्रा ने संस्था की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और सहयोग जारी रखने की बात कही।

संयोजकों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम का स्वागत संबोधन पंडित बिपिन झा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष अनिल झा ने किया। कार्यक्रम का संचालन गोपाल चंद्र झा ने किया।

कुणाल षाड़ंगी और डॉ. सौरभ चौधरी ने रक्तदान शिविर के संयोजकों बिपिन झा (मानगो), अखिलेश झा (कदमा), अनिल झा (गम्हारिया) और अमितेश इस्सर (आदित्यपुर) को उनके योगदान के लिए शॉल और पाग देकर सम्मानित किया।

परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने ब्लड बैंक एवं वीबीडीए के पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।

207 यूनिट रक्त संग्रह

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में ललन चौधरी, हरेराम चौधरी, अनिल कुमार झा, शंकर नाथ झा, नवीन कुमार, पंकज रॉय, रणजीत झा (बागबेड़ा), संजीव झा, बिलास झा, राजेंद्र कर्ण, पंडित बिपिन कुमार झा, मिथिलेश झा, ब्रजकांत झा, अमित चौधरी समेत परिषद की पूरी कार्यकारिणी की सक्रिय भूमिका रही।

आयोजकों के अनुसार शिविर में कुल 207 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। परिषद ने रक्तदाताओं, ब्लड बैंक के पदाधिकारियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया।

Exit mobile version