जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला आयुष समिति की ओर से बुधवार को पोटका और जुगसलाई प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में ऑस्टियोआर्थराइटिस के 252 और बुजुर्गों के लिए आयोजित व्योमित्र कैंप में 264 मरीजों की चिकित्सा की गई। दोनों शिविरों में मरीजों को आयुर्वेद और होम्योपैथी की निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

चार स्थानों पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर
पोटका प्रखंड के पोडाडीह पंचायत भवन और बड़ा सिगड़ी गांव तथा जुगसलाई प्रखंड के गोलपहाड़ी आंगनवाड़ी केंद्र और न्यू प्राथमिक विद्यालय कुमरुम बस्ती में कैंप लगाए गए।

शिविर में हड्डियों से संबंधित समस्या ऑस्टियोआर्थराइटिस के मरीजों की जांच और चिकित्सा के साथ बुजुर्गों के लिए व्योमित्र कैंप का आयोजन किया गया। ग्रामीणों ने आयुष चिकित्सा पद्धति की सेवाओं का लाभ उठाया।
516 मरीजों की हुई चिकित्सा
आयुष समिति के अनुसार, कैंप में कुल 252 ऑस्टियोआर्थराइटिस मरीजों और 264 व्योमित्र मरीजों, यानी कुल 516 मरीजों की चिकित्सा की गई।
मरीजों को आवश्यक परामर्श के साथ आयुर्वेद एवं होम्योपैथी की निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में भी जानकारी दी।
BP और शुगर की भी हुई जांच
स्वास्थ्य शिविर में केवल हड्डी संबंधी समस्याओं की जांच तक सेवाएं सीमित नहीं रहीं। मरीजों के ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की भी जांच की गई। जांच के बाद स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों और रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।
ग्रामीणों को अपने आसपास मौजूद औषधीय पौधों के उपयोग और उनके महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
योग से निरोग रहने का दिया संदेश
कैंप के दौरान योग प्रशिक्षकों ने लोगों को नियमित योग के महत्व की जानकारी दी। स्वस्थ रहने और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए योग के अभ्यास भी कराए गए।
आयुष विभाग की ओर से ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खान-पान पर ध्यान देने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया।
ये चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद
कैंप में जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकुल कुमार दीक्षित, डीपीएम आयुष डॉ. निशांत प्रिय, आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. बालाजी, डॉ. अलका कुमारी, डॉ. प्रियांशी, डॉ. सीमा सरकार, डॉ. देवराज मंडल, डॉ. सैयदा खानम और डॉ. रेखा कुमारी, डॉ. रीना कुमारी सहित योग प्रशिक्षक और सहिया उपस्थित रहे।

