Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जमशेदपुर पहुंचे आदित्य साहू, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

जमशेदपुर:
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू अपने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को पहली बार जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान साकची स्थित परी सदन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने झारखंड सरकार और राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्यभर में अपराध के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने जमशेदपुर में पिछले 11 दिनों से लापता युवा उद्यमी कैरव गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस अब तक उन्हें खोजने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भी कोई स्पष्ट जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं।

आदित्य साहू ने कहा कि राजधानी रांची और ओरमांझी में जब बच्चों के अपहरण की घटनाएं सामने आई थीं, तब भाजपा द्वारा पुलिस मुख्यालय का घेराव किए जाने के बाद मात्र दो दिनों के भीतर बच्चे सकुशल बरामद कर लिए गए थे। लेकिन जमशेदपुर में अपराधियों पर से पुलिस का भय समाप्त हो चुका है और यहां के एसएसपी केवल कार्यालय और आवास तक सीमित रह गए हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस त्वरित कार्रवाई कर लापता युवा उद्यमी को सुरक्षित बरामद नहीं करती है, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि तथाकथित आदिवासी सरकार के शासन में आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही है, महिलाएं असुरक्षित हैं, राज्य में कोयले की तस्करी खुलेआम हो रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य के कई इलाकों में बच्चे लापता हैं।

आदित्य साहू ने जानकारी दी कि इन सभी मुद्दों को लेकर 27 जनवरी को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के पुलिस महानिदेशक से मुलाकात करेगा, जबकि 28 जनवरी को वे स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे।

सारांडा क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने मार्च माह तक देश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और उसी दिशा में यह अभियान एक सकारात्मक कदम है।

Exit mobile version