


जमशेदपुर: रामनवमी के पावन अवसर पर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया और पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम का आशीर्वाद लिया।
विभिन्न पूजा स्थलों का किया दौरा
दोनों नेताओं ने कदमा स्थित शिव हनुमान मंदिर प्रकृति विहार में एम क्लब द्वारा आयोजित भंडारा में शामिल होकर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया। इसके अलावा सोनारी पंचवटी नगर, आदर्शनगर, कदमा भाटिया बस्ती, गोस्वामी पथ अन्नपूर्णा देवी मंदिर, उलियान बजरंग अखाड़ा, कुम्हारपाड़ा सिनेमा मैदान और खुटाडीह बाबा अखाड़ा सहित कई स्थानों पर आयोजित रामनवमी उत्सव में भी भागीदारी निभाई।
धार्मिक कार्यक्रमों में रही सक्रिय भागीदारी
इसके साथ ही बिष्टुपुर जी टाउन गुरुद्वारा के पास आयोजित भंडारा, मानगो दाईगुट्टू नाई भवन में बाबा धर्मदास जी की पूजा, पारडीह श्रमिक एकता बजरंग अखाड़ा समिति द्वारा आयोजित जागरण तथा बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर 5 स्थित श्री श्री बुढ़वा शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर श्रीराम कथा में भी दोनों नेता शामिल हुए।
ज्वारा पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता
सोनारी उपकार संघ, कमल चौक और बुधराम मोहल्ला में आयोजित नवरात्रि ज्वारा पूजा में भी उन्होंने भाग लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।
रामनवमी के महत्व पर दिया संदेश
मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि मर्यादा, धर्म, साहस और संस्कारों का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
अखाड़ा समितियों ने किया सम्मान
इस दौरान विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्यों ने दोनों नेताओं का पगड़ी पहनाकर और तलवार भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। पूरे शहर में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।




