Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: हिमांशु सिंह हत्याकांड और बढ़ते अपराध के खिलाफ भाजपा का आक्रोश, सभी मंडलों में निकला मशाल जुलूस, 3 जुलाई के बंद को सफल बनाने की अपील

जमशेदपुर । बिष्टुपुर स्थित चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड, शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी, चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार, महिलाओं के साथ हो रही चेन छिनतई तथा कथित प्रशासनिक विफलता के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जमशेदपुर महानगर के सभी मंडल क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर आक्रोश मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

सभी मंडलों में निकला मशाल जुलूस, बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता और नागरिक

भाजपा के विभिन्न मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में निकाले गए मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में मशाल लेकर प्रदर्शनकारियों ने शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराध के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। साथ ही, हिमांशु सिंह हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग उठाई गई।

पूर्णिमा साहू, अभय सिंह, संजीव सिन्हा और मीरा मुंडा समेत कई नेता हुए शामिल

भाजपा सीतारामडेरा मंडल की ओर से एग्रिको तीन नंबर गोलचक्कर तक निकाले गए मशाल जुलूस में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू शामिल हुईं। वहीं, साकची पूर्वी मंडल द्वारा काशीडीह दुर्गापूजा मैदान से निकाले गए जुलूस में झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह और जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने भाग लिया।

इसके अलावा, बागबेड़ा और घाघीडीह मंडल के मशाल जुलूस में पोटका विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा भी शामिल हुईं। भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने मंडल क्षेत्रों में आयोजित मशाल जुलूस में भाग लेकर आंदोलन को समर्थन दिया।

“अपराधियों का मनोबल बढ़ा, जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर”

मशाल जुलूस के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में विफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में सक्रिय चापड़बाज गिरोह और अन्य आपराधिक तत्वों के कारण आम नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

नेताओं ने कहा कि शहर की पहचान, शांति और सामाजिक सौहार्द आज गंभीर चुनौती के दौर से गुजर रहे हैं और प्रशासन को इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को सफल बनाने की अपील

भाजपा कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और मुख्य सड़कों पर लोगों से संवाद कर 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को समर्थन देने की अपील की। पार्टी नेताओं ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, परिवहन संघों और समाज के सभी वर्गों से बंद को सफल बनाने का आह्वान किया।

“यह राजनीतिक नहीं, जनसुरक्षा का आंदोलन” : संजीव सिन्हा

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि जमशेदपुर की अस्मिता, नागरिकों की सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण की स्थापना के लिए जनसंघर्ष है। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरवासी एकजुट होकर 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को ऐतिहासिक बनाएंगे और सरकार तक जनता के आक्रोश का स्पष्ट संदेश पहुंचाएंगे।


Exit mobile version