
जमशेदपुर। टाटा स्टील यूआईएसएल के कर्मचारियों के बोनस को लेकर सोमवार को कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हुआ। समझौते के तहत कंपनी के 655 कर्मचारियों के बीच कुल 7 करोड़ 35 लाख रुपये बोनस के रूप में वितरित किये जायेंगे। बोनस की राशि मंगलवार को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजे जाने की जानकारी दी गयी है।
टाटा स्टील यूआईएसएल यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताया कि इस बार कर्मचारियों को ओवरऑल न्यूनतम 33,176 रुपये और अधिकतम 3,42,294 रुपये बोनस मिलेगा। कर्मचारियों की संबंधित श्रेणी के आधार पर बोनस की राशि अलग-अलग निर्धारित की गयी है।
समझौते के अनुसार ग्रुप-1 के कर्मचारियों को न्यूनतम 36,446 रुपये और अधिकतम 75,319 रुपये बोनस मिलेगा। इसी तरह ग्रुप-2 में न्यूनतम बोनस 33,176 रुपये और अधिकतम 84,029 रुपये निर्धारित किया गया है। ग्रुप-3 के कर्मचारियों को न्यूनतम 37,211 रुपये और अधिकतम 1,08,575 रुपये बोनस मिलेगा।
वहीं, के श्रेणी के कर्मचारियों के लिए न्यूनतम बोनस 1,55,797 रुपये और अधिकतम 3,42,294 रुपये तय किया गया है। पी श्रेणी में न्यूनतम 89,697 रुपये और अधिकतम 2,60,130 रुपये, जबकि जी श्रेणी में न्यूनतम 1,33,250 रुपये और अधिकतम 2,22,190 रुपये बोनस निर्धारित किया गया है।
बोनस समझौता होने के बाद कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। कर्मचारियों को मंगलवार को बैंक खातों में बोनस की राशि पहुंचने के साथ इसका लाभ मिल जायेगा।
