
जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे कंटेनर यार्ड के पास 2 अगस्त की रात एमडी आफताब आलम को गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस चर्चित हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी को गिरफ्तार कर लिया गया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने एसएसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि घायल आफताब की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, घटना के बाद सिटी एसपी और डीएसपी (नगर) के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच तेज की। 3 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि नामजद आरोपी मोहम्मद समद (पिता मोहम्मद इनामुल हक) और कुलसुम बीबी (पति मोहम्मद शाहरुख) बर्मामाइंस की कैरेज कॉलोनी, मुस्लिम बस्ती स्थित अपने घर में छिपे हुए हैं। सूचना की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रेकी में इस्तेमाल बिना नंबर की स्कूटी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई नीले और काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी भी बरामद कर ली है। पुलिस का मानना है कि इसी स्कूटी का उपयोग आरोपियों ने घटना की तैयारी और निगरानी के दौरान किया था। फिलहाल फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी मोहम्मद समद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2009 में बंदगांव थाना में डकैती (धारा 395), वर्ष 2023 में बर्मामाइंस थाना में जानलेवा हमला और मारपीट तथा मई 2026 में NDPS Act के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भी जांच कर रही है।
छापामारी दल में शामिल रहे कई अधिकारी
इस कार्रवाई में डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद, अवर निरीक्षक अजय कुमार यादव, मनीष कुमार, अभय कुमार, दुनी कृष्ण महतो, अरविन्द कुमार और विश्वा उरांव सहित बर्मामाइंस थाना का सशस्त्र बल शामिल था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई शहर में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
