


JAMSHEDPUR :
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (AICC) के निर्देशानुसार चल रहे मीडिया टैलेंट हंट कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय, बिष्टूपुर में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन कांग्रेस के मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता राजीव मिश्रा ने किया, जबकि अध्यक्षता जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोल्हान प्रमंडल के समन्वयक अख्तर अली ने बताया कि एआईसीसी ने पूरे देश में प्रतिभाशाली युवाओं को मीडिया पैनलिस्ट के रूप में जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की है। इसी के तहत कांग्रेस की विचारधारा को सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म और मुख्यधारा की मीडिया में बेहतर तरीके से प्रस्तुत करने के लिए सभी जिलों में जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अख्तर अली ने कहा कि मीडिया क्षेत्र में रुचि रखने वाले, योग्यता रखने वाले और विचारों को स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त करने वाले युवाओं से आवेदन पत्र लिया जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार 5 दिसंबर तक जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय बिष्टूपुर में अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्रों की समीक्षा (स्क्रूटनी) के बाद 15 दिसंबर से प्रदेश स्तर पर नियुक्त पदाधिकारी आवेदकों का कई चरणों में साक्षात्कार लेंगे। इस साक्षात्कार प्रक्रिया में उम्मीदवारों के राजनीतिक ज्ञान, संवाद कौशल और मीडिया समझ को परखा जाएगा। अंतिम चयनित प्रतिभागियों को कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक मीडिया पैनल में शामिल किया जाएगा, जहाँ वे पार्टी की नीतियों और विचारों को जनता तक पहुँचाने की जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि चयनित युवाओं को कांग्रेस पार्टी का इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में पार्टी की भूमिका और महान नेताओं के योगदान को प्रमुखता से आम जन तक पहुँचाने का दायित्व सौंपा जाएगा। यह पहल युवाओं को न केवल राजनीति से जोड़ने का अवसर देगी, बल्कि उन्हें सोशल और डिजिटल मीडिया में मजबूत पहचान भी दिलाएगी। प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेसजन और पदाधिकारी खगेन चंद्र महतो, संजय सिंह आज़ाद, शमशेर खान, अपर्णा गुहा, सोशल मीडिया चेयरमैन राजकुमार वर्मा, राजा सिंह राजपूत, सुल्तान अहमद, राकेश साहू, रजनीश सिंह, सोहेल खान, आशुतोष सिंह, ज्योति मिश्रा, प्रताप यादव, कौशल प्रधान, फिरोज खान सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे



