


jamshedpur।
जमशेदपुर वीमेन्स यूनिवर्सिटी में एनएसएस विभाग के तत्वावधान में एक प्रेरणादायक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पूरे भारतवर्ष का साइकिल से भ्रमण कर देशभक्ति और राष्ट्रवाद का संदेश फैलाने वाले दीपक शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता, साइकिल यात्री दीपक शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा एवं कुल सचिव डॉ. सलोमी कुजूर द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से दीपक शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कुलपति ने बताया प्रेरणादायक व्यक्तित्व
अपने संबोधन में कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने दीपक शर्मा के व्यक्तित्व को पराक्रमी, अनुशासित और अत्यंत प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि साइकिल से 10,000 किलोमीटर की कठिन, साहसिक यात्रा पूरी करना केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि दृढ़ संकल्प और मानसिक मजबूती का भी उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने दीपक शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
एनएसएस छात्राओं से साझा किया संघर्ष और संकल्प
सम्मान समारोह के दौरान दीपक शर्मा ने एनएसएस की छात्राओं से संवाद करते हुए अपने जीवन संघर्ष की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि वे देश के लिए खेल के माध्यम से पदक जीतना चाहते थे, लेकिन गंभीर चोट के कारण उनका खेल करियर रुक गया। इसके बाद उन्होंने साइकिल यात्रा को माध्यम बनाकर युवाओं में देशभक्ति, राष्ट्रवाद और आत्मिक जागरूकता जगाने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव और शहर-शहर जाकर देशभक्ति और राष्ट्रवाद,विकसित भारत के 9 संकल्प,आध्यात्मिकता और आत्मबल,ऑपरेशन सिंदूर का संदेश युवाओं तक पहुँचाना है।
धन्यवाद ज्ञापन
कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय की कुल सचिव डॉ. सलोमी कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।



