Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: उपायुक्त राजीव रंजन ने मुसाबनी और डुमरिया प्रखंड का किया औचक निरीक्षण, नई CHC बिल्डिंग जल्द चालू करने का निर्देश

जमशेदपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से उपायुक्त राजीव रंजन ने मुसाबनी और डुमरिया प्रखंड कार्यालयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों में पंजी संधारण, कर्मियों की उपस्थिति और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की बारीकी से जांच की और अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।

मुसाबनी: योजनाओं की समीक्षा और आम बागवानी के लाभुक से सीधा संवाद

मुसाबनी प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी और योजनाओं से जुड़े दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने 15वें वित्त आयोग, मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे योजनाओं में पारदर्शिता लाएं और तय समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लाभुकों तक इसका फायदा पहुंचाएं।

मुसाबनी भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने ‘आम बागवानी योजना’ के एक लाभुक से भी मुलाकात की। उन्होंने किसान से पौधों की स्थिति, रखरखाव और आय में वृद्धि की संभावनाओं पर चर्चा की। उपायुक्त ने कहा कि बागवानी आधारित योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय बढ़ाने में गेम-चेंजर साबित हो रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को उचित तकनीकी मार्गदर्शन देने का निर्देश दिया।

डुमरिया: नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में जल्द शिफ्टिंग के निर्देश

मुसाबनी के बाद उपायुक्त का काफिला डुमरिया प्रखंड पहुंचा। वहां प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के बाद उन्होंने डुमरिया में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवन का जायजा लिया। उन्होंने नए अस्पताल भवन में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, चिकित्सा प्रबंधों और आवश्यक संसाधनों की जांच की।

उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि भवन के जो भी शेष कार्य बचे हैं, उन्हें तुरंत पूरा किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को जल्द से जल्द नए भवन में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस नए भवन के चालू होने से डुमरिया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को अत्याधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

Exit mobile version