
जमशेदपुर
जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) जिला प्रशासन मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिहीन और अपडेटेड बनाने के लिए युद्ध स्तर पर जुट गया है। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल और सुचारू क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में 48-जमशेदपुर पूर्वी और 49-जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) तथा बीएलओ पर्यवेक्षकों (BLO Supervisors) ने मुख्य रूप से भाग लिया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा तय की गई समय-सीमा पर मंथन
बैठक में उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा की। बताया गया कि 01 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार आगामी तिथियां इस प्रकार तय की गई हैं:
-
20 जून से 29 जून 2026: अधिकारियों का विशेष प्रशिक्षण एवं आवश्यक सामग्री मुद्रण कार्य।
-
30 जून से 29 जुलाई 2026: बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सघन सत्यापन (House to House Visit) अभियान।
-
05 अगस्त 2026: प्रारूप मतदाता सूची (Draft Electoral Roll) का जन-साधारण के लिए प्रकाशन।
-
05 अगस्त से 04 सितंबर 2026: मतदाता सूची पर आम नागरिकों से दावा एवं आपत्ति प्राप्त करना।
-
03 अक्टूबर 2026 तक: प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का अंतिम निष्पादन।
-
07 October 2026: अंतिम और अद्यतन मतदाता सूची का भव्य प्रकाशन।
14 जून को आवासीय सोसायटियों और अपार्टमेंट्स में विशेष कैंप
समीक्षा बैठक के दौरान शहरी क्षेत्रों, विशेषकर जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्रों में कम मतदान और छूटे हुए वोटरों पर चिंता जताई गई। उपायुक्त राजीव रंजन ने सख्त निर्देश दिया कि 14 जून 2026 को जिले के सभी बड़े आवासीय परिसरों, बहुमंजिला अपार्टमेंट्स और टाउनशिप में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के सहयोग से विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। इन कैंपों के माध्यम से कामकाजी और छूटे हुए योग्य मतदाताओं की पहचान कर उनकी शत-प्रतिशत मैपिंग सुनिश्चित की जाएगी। सभी बीएलओ को एक्टिव और नॉन-एक्टिव वोटरों की वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी 14 जून तक जमा करने का आदेश मिला है।
15 जून तक तैनात होंगे सरकारी स्वयंसेवक (Volunteers)
निर्वाचन कार्यों को और अधिक गति देने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर 15 जून 2026 तक स्वयंसेवकों (Volunteers) की नियुक्ति प्रक्रिया को हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। ये स्वयंसेवक अनिवार्य रूप से सरकारी कर्मचारी ही होंगे, जो ग्राउंड लेवल पर बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग प्रदान करेंगे। बैठक में विशेष रूप से ट्रांसजेंडर मतदाताओं, विशिष्ट प्रोफाइल वाले वोटरों, वरिष्ठ नागरिकों (Senior Citizens) और दिव्यांग (PwD) मतदाताओं की शत-प्रतिशत मैपिंग पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) वोटरों के डिजिटाइजेशन कार्य को समय पर पूरा करने को कहा गया है।
ऑडियो संदेशों और पोस्टरों से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
उपायुक्त ने नगर निकाय क्षेत्रों (JNAC, MNAC) के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रम का शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर लगाने, लाउडस्पीकरों के माध्यम से ऑडियो संदेश प्रसारित करने और डिजिटल मीडिया का प्रभावी उपयोग करने की बात कही गई ताकि शत-प्रतिशत नागरिक जागरूक होकर इस अभियान से जुड़ सकें। अंत में, उन्होंने सभी अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य करने की कड़ी हिदायत दी।
