जमशेदपुर।
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को घाटशिला प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, शाखाओं में पंजियों के संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव और कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की गहन जांच की।
कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने बीडीओ और सीओ को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, समयपालन और बेहतर कार्य संस्कृति बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उपायुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यशैली में सुधार नहीं करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया।
आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालय सीधे तौर पर आम जनता से जुड़े होते हैं, इसलिए लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने और कार्यालयों में पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
घाटशिला अनुमंडल अस्पताल का भी किया निरीक्षण
प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने घाटशिला अनुमंडल अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्ड, कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी), पंजीकरण काउंटर और मरीज वार्ड का निरीक्षण किया।
इस दौरान उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को संवेदनशील और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
उपायुक्त ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, समय पर जांच और मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
सबर टोला में आवास निर्माण कार्य का लिया जायजा
पंचायत भ्रमण के क्रम में उपायुक्त हलुदबनी पंचायत के सबर टोला पहुंचे, जहां उन्होंने आदिम जनजाति सबर परिवारों के लिए चल रहे आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने लाभुक परिवारों से बातचीत कर योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों से बिजली और पेयजल आपूर्ति की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की गई।
मनरेगा की आम बागवानी योजना का निरीक्षण
उपायुक्त ने मनरेगा योजना के तहत संचालित आम बागवानी योजना का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, डीटीओ धनंजय, एसडीओ सुनील चंद्र, बीडीओ यूनिका शर्मा, सीओ निशात अंबर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
