
जमशेदपुर।
जिला के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निदेशानुसार जिले में खनिज संसाधनों की सुरक्षा, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने हेतु खनन टास्क फोर्स द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया रहा है । इसी क्रम में जिला खनन कार्यालय की एक कार्रवाई में आज़ादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टोन चिप्स खनिज का अवैध परिवहन करते हुए वाहन संख्या – JH05DZ-8624 को पकड़ा गया। उक्त वाहन को जप्त करते हुए आज़ादनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक अन्य कार्रवाई में कदमा थाना क्षेत्र में भी स्टोन चिप्स खनिज का अवैध परिवहन करते हुए वाहन संख्या – JH05AG-2259 को जप्त किया गया। इस मामले में कदमा थाना में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अभियान के दौरान मरीन ड्राइव क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के तटीय इलाकों का भी निरीक्षण किया गया, जहां खनिज दोहन की संभावनाओं को देखते हुए सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में खनिज संपदा की रक्षा, अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण तथा सरकारी राजस्व की क्षति को रोकने हेतु इस प्रकार के छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेंगे।
READ MORE :सरायकेला के इस इलाके में मिला 125 किलो विस्फोटक, किया गया नष्ट
अंचल कार्यालयों में प्रत्येक कार्य दिवस में हो रही जनसुनवाई, भू- विवाद सम्बंधी आवेदनों का हो रहा त्वरित निष्पादन
वही दुसरी ओर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिले के सभी अंचलों में प्रत्येक कार्य दिवस में दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक अंचल अधिकारियों द्वारा जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है, ताकि भू-विवाद सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
आज विभिन्न अंचलों में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 71 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 63 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया, जबकि 08 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं, जिनपर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
अब तक जनसुनवाई के अंतर्गत कुल 1128 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1001 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि 118 आवेदनों पर कार्यवाही जारी है।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक कार्य दिवस में निर्धारित समयानुसार कार्यालय में उपस्थित रहकर आवेदकों से मिलें और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
