जमशेदपुर |
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में सोमवार को जिला प्रशासन द्वारा दसवीं और बारहवीं के टॉपर्स को सम्मानित करने के लिए जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर झारखंड सरकार के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही मंच पर जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय समेत कई अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
समारोह में झारखंड बोर्ड, CBSE और ICSE के तहत जिले में टॉप करने वाले विद्यार्थियों को उनके विषयवार – विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के आधार पर टॉप 5 छात्रों को सम्मानित किया गया।
शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
अपने संबोधन में मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि “शिक्षा के बिना हम समाज या देश को आगे नहीं बढ़ा सकते। आज के दौर में हर बच्चे को, खासकर बेटियों को, शिक्षा देना जरूरी है। हमने सरकार बनने के बाद शिक्षा को प्राथमिकता दी और मरांग गोमके छात्रवृत्ति योजना जैसे कदम उठाए जिससे छात्रों को विदेशों में पढ़ाई के अवसर मिल रहे हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार प्रखंड स्तर पर नए कॉलेज व आवासीय स्कूलों की स्थापना कर रही है ताकि दूर-दराज के छात्र भी शिक्षा से वंचित न रहें।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने क्या कहा?
उपायुक्त श्री सत्यार्थी ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता एक मंज़िल नहीं, बल्कि एक नया आरंभ है। उन्होंने छात्रों से विनम्रता और मूल्यों को बनाए रखने की अपील की और कहा कि प्रशासन छात्रों की हर जरूरत में साथ खड़ा रहेगा।
उन्होंने कहा कि, “आपकी मेहनत और लगन ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।”
