Site icon Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: NH पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान, 72 वाहनों से 3.90 लाख रुपये जुर्माना वसूला

जमशेदपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध और अनधिकृत पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर एसडीएम धालभूम के नेतृत्व में डिमना चौक से बड़ाबांकी तक कार्रवाई की गई।

अभियान में डीटीओ, डीएसपी ट्रैफिक, एमवीआई, सड़क सुरक्षा टीम और पुलिस बल शामिल रहे। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र और अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की जांच की गई।

72 वाहनों पर कार्रवाई, 3.90 लाख रुपये जुर्माना

जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 72 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 3 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा करने से यातायात बाधित होता है। इसके अलावा सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ती है।

नियमित चलेगा अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान

उपायुक्त राजीव रंजन ने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य क्षेत्रों में अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को रोकने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version