
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
जलापूर्ति योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक के दौरान बागबेड़ा जलापूर्ति योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित एजेंसी को जल शोधन संयंत्र (वाटर ट्रीटमेंट प्लांट) तक का कार्य आगामी 15 जून तक पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं छोटा गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के विस्तार कार्य को एक माह के भीतर पूर्ण करने को कहा गया।
गुड़ाबांदा जलापूर्ति योजना के तहत सभी फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (FHTC) का विवरण एक सप्ताह के भीतर एमआईएस पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया। वहीं बोड़ाम-पटमदा वृहत ग्रामीण जलापूर्ति योजना में वन विभाग से लंबित एनओसी प्रक्रिया को तेज कर जल्द योजना पूरी करने पर जोर दिया गया।
ग्राम समितियों को सौंपे जाएं पूर्ण प्रोजेक्ट
उपायुक्त ने कहा कि जिन जलापूर्ति योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति (VWSC) को हस्तांतरित किया जाए। साथ ही हर घर नल जल घोषित गांवों का प्रमाणन भी निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शौचालय निर्माण में तेजी लाने का निर्देश
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की धीमी प्रगति पर चिंता जताई। उन्होंने अबुआ आवास योजना के लाभुकों के घरों में शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के लिए विशेष बैठक आयोजित करने और लाभुकों को जागरूक करने का निर्देश दिया।
ओडीएफ प्लस गांवों पर विशेष फोकस
बैठक में खुले में शौच मुक्त (ODF Plus) गांवों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने लंबित गांवों का सत्यापन एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि स्वच्छता अभियान को और गति मिल सके।
कचरा प्रबंधन व्यवस्था को करें मजबूत
ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए उपायुक्त ने कचरा संग्रहण में उपयोग होने वाली सभी ट्राइसाइकिलों को चालू स्थिति में रखने तथा नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन ग्रामीण क्षेत्रों के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जनहित से जुड़े हैं पेयजल और स्वच्छता के कार्य
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता से संबंधित सभी योजनाएं सीधे आम जनता के जीवन स्तर से जुड़ी हैं। इसलिए संबंधित विभागों और कार्य एजेंसियों को निर्धारित लक्ष्य और समयसीमा के अनुसार कार्य पूरा करना चाहिए तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करनी चाहिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
