Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS : दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैंप 23 मई को, कई बड़ी कंपनियां लेंगी इंटरव्यू

जमशेदपुर । शहर में  दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए Singhbhum Chamber of Commerce and Industry द्वारा यंग इंडियन और Leonard Cheshire Disability Trust के सहयोग से 23 मई 2026 को रोजगार भर्ती कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप चैम्बर भवन में स्माईल परियोजना के अंतर्गत आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य कोल्हान और जमशेदपुर क्षेत्र के दिव्यांगजनों को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

उपायुक्त करेंगे उद्घाटन

इस विशेष रोजगार भर्ती कैंप का उद्घाटन पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त Rajiv Ranjan करेंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में दिव्यांग अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहा चैम्बर

सिंहभूम चैम्बर लंबे समय से अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत दिव्यांगजनों के लिए रोजगार भर्ती कैंप आयोजित करता आ रहा है। संस्था का मानना है कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा, मेहनत और सकारात्मक दृष्टिकोण से किसी भी संगठन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

चैम्बर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और कार्यबल में उनकी समावेशी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कई प्रतिष्ठित कंपनियां होंगी शामिल

इस भर्ती कैंप में शहर की कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और अपनी आवश्यकता के अनुसार अभ्यर्थियों का इंटरव्यू लेकर चयन करेंगी। इसमें प्रमुख रूप से मेटाग्रेल ट्यूब्स, Tata Motors, होटल एनएच हिल्स, होटल रमाडा, होटल अल्कोर, एलिमेंट्स कॉर्पोरेशन, स्ट्रीम डिजिटल सर्विस, शुभम इंटरप्राइजेज, भालोटिया इंजीनियरिंग वर्क्स, रेसिलिएंट्स टेक्निकल सोल्यूशन्स, यूनाइटेड इन्फ्राकोर लिमिटेड, गजानन फेरो प्राइवेट लिमिटेड, बेब्को मोटर्स, त्रिवेणी इंजीकॉन्स, रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड, आरएसबी ट्रांसमिशन क्रॉस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, उत्कल ऑटोमोबाइल्स और बीएमसी ग्रुप जैसी कंपनियां शामिल हैं।

केवल पंजीकृत दिव्यांगजन उठा सकेंगे लाभ

चैम्बर अध्यक्ष Manav Kedia, महासचिव Punit Kanwatia और यंग इंडियंस की चेयरमैन Shruti Jhunjhunwala ने जानकारी दी कि इस भर्ती कैंप का लाभ केवल वे दिव्यांगजन उठा सकेंगे जो लियोनार्ड चेशायर डिसेबिलिटी ट्रस्ट के अंतर्गत पंजीकृत हैं।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य भी करते हैं।

Exit mobile version