
जमशेदपुर ।
बागबेड़ा कॉलोनी में दुर्गा पूजा मैदान के समीप मुख्य सड़क पर कचरे के ढेर के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क किनारे जमा यह कचरा जहां एक ओर लोगों की आवाजाही में बाधा बन रहा था, वहीं दूसरी ओर इससे इलाके में बदबू और संक्रमण फैलने का भी खतरा मंडरा रहा था।
इस समस्या को लेकर स्थानीय पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने क्षेत्रीय विधायक संजीव सरदार से शिकायत की। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जुगसलाई नगर परिषद को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र पासवान के आदेश पर सफाईकर्मियों का एक निरीक्षण दल सुपरवाइजर के नेतृत्व में मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया।
कार्यपालक पदाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही क्षेत्र में फैले कचरे की सफाई कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बागबेड़ा क्षेत्र में कचरा फेंकने के लिए एक निर्धारित स्थान चिन्हित किया जाएगा और वहां से नियमित रूप से कचरा उठाव की व्यवस्था की जाएगी। इस कार्य के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सुमित प्रकाश से भी समन्वय किया जाएगा।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने बताया कि इलाके में कचरा फेंकने की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में सड़क किनारे ही कचरा डाल रहे हैं। इससे न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि विधायक संजीव सरदार इस विषय को दो बार विधानसभा में भी उठा चुके हैं, ताकि बागबेड़ा क्षेत्र में स्थायी समाधान मिल सके।
READ MORE :Jamshedpur News :डूरंड कप ट्रॉफी टूर से पहले XLRI सभागार का निरीक्षण, उपायुक्त और SSP ने दिए निर्देश
स्थानीय नागरिकों ने विधायक की सक्रियता और नगर परिषद की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की है। लोगों को उम्मीद है कि अब उन्हें कचरे की समस्या से राहत मिलेगी और साफ-सफाई व्यवस्था में भी सुधार होगा।
