Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: एसएसपी ने पोटका और कोवाली थाना का किया औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश

जमशेदपुर। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ने सोमवार, 7 सितंबर 2026 को पोटका एवं कोवाली थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों थानों के थाना प्रभारी, बीट ऑफिसर एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

लंबित कांडों और थाना अभिलेखों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थानों में लंबित कांडों, थाना अभिलेखों तथा पुलिस पदाधिकारियों और बीट ऑफिसरों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर, हाजत एवं सिरिस्ता का भी निरीक्षण किया और पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

त्योहारों को लेकर कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर

एसएसपी ने आगामी गणेश चतुर्दशी, विश्वकर्मा पूजा एवं कर्मा पूजा को देखते हुए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया।

आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता से समाधान

एसएसपी ने लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के साथ आमजनों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना आने वाले लोगों के साथ मित्रवत व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और बीट ऑफिसरों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपराध की रोकथाम, कानून-व्यवस्था और आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया।

Exit mobile version