Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :विधायक पूर्णिमा साहू का निरंतर प्रयास लाया रंग, 19 जून को बिरसानगर पीएम आवास योजना के लाभुकों को मिलेगा अपने घर का अधिकार, होगा गृह प्रवेश पूजन

जमशेदपुर। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के लगातार प्रयासों और निरंतर पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। आगामी 19 जून (शुक्रवार) को समारोह आयोजित कर लाभुकों को उनके घर की चाबी सौंपते हुए गृह प्रवेश कराया जाएगा। इस मुद्दे पर विधायक पूर्णिमा साहू पिछले कई वर्षों से नगर विकास विभाग के अधिकारियों, विभागीय सचिव एवं नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के साथ लगातार संपर्क में थीं। वहीं, उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया और विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से कई बार मुलाकात कर आवंटन में हो रही देरी पर शीघ्र प्रकिया पूर्ण करने की मांग की थी। उन्होंने आवास आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने और लाभुकों को जल्द से जल्द उनका अधिकार दिलाने के लिए हाल ही में सम्पन्न ‘दिशा’ की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया था।

आज 14 जून को नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू एवं विभागीय सचिव से हुई बातचीत में विधायक पूर्णिमा साहू को मंत्री सुदिव्य सोनू ने जानकारी दी कि 19 जून को गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित कर लाभुकों को आवास सौंप दिया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य सोनू भी उपस्थित रहेंगे।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि वर्ष 2019 में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत तत्कालीन डबल इंजन की सरकार में बिरसानगर आवासीय परियोजना में 9592 फ्लैट के निर्माण प्रकिया शुरू की गई थी। गरीब परिवार का अपना पक्का घर का सपना अब साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार वर्षों से अपने आशियाने का सपना संजोए हुए थे और उन्हें खुशी है कि निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप अब लाभुकों को अपने घर में प्रवेश मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और आगे भी क्षेत्रवासियों के हित में इसी तरह कार्य करती रहेंगी। उन्होंने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति भी धन्यवाद एवं आभार जताया है।

Exit mobile version