Lahar Chakra

Jamshedpur News :हरियाणा हादसे के बाद जादूगोड़ा पहुंचे विधायक संजीव सरदार, पीड़ित परिवारों को दिया मदद का भरोसा

जमशेदपुर।

हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली–जयपुर हाईवे के कापड़ियावास में निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे में जादूगोड़ा क्षेत्र के चार प्रवासी श्रमिकों की मौत के बाद पोटका के विधायक संजीव सरदार पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। विधानसभा सत्र समाप्त होते ही उन्होंने मृतकों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की।

दुःख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़े दिखे विधायक

विधायक संजीव सरदार ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवारों को धैर्य व संबल बनाए रखने की बात कही। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और उन्होंने अपने स्तर से उनको आर्थिक सहयोग भी दिया ।

मुआवजा व सरकारी सहायता दिलाने की पहल तेज

विधायक ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सभी सहायता एवं मुआवजा राशि पीड़ित परिवारों को जल्द दिलाई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों से त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत मिल सके और उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।

स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी रहे मौजूद

इस मौके पर झामुमो के स्थानीय नेतागण, कार्यकर्ता, गांव के बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

Exit mobile version