Lahar Chakra

Jamshedpur News :विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर 1400 से अधिक लोगों को दिया गया प्रशिक्षण

जमशेदपुर।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत निर्वाचक नामावली से जुड़ी गतिविधियों को लेकर व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 46-पोटका (अ.ज.जा.), 47-जुगसलाई (अ.जा.), 48-जमशेदपुर पूर्व एवं 49-जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में स्थित मतदान केन्द्रों के रूप में चिन्हित विद्यालयों के लिए आयोजित किया गया।
किन-किन को दिया गया प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं, सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा प्रतिनियुक्त बी.एल.ए.-2, तथा जिले के मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान SIR-2003 की निर्वाचक सूची में पंजीकृत मतदाताओं एवं वर्तमान निर्वाचक सूची के मतदाताओं के बीच SIR पूर्व गतिविधियों के तहत मैपिंग की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया।
पोर्टल पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झारखण्ड के पोर्टल के माध्यम से झारखण्ड राज्य में SIR-2003 में नाम खोजने की प्रक्रिया का हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही झारखण्ड के बाहर के निर्वाचकों के लिए भारत निर्वाचन आयोग के मतदाता पोर्टल पर नाम खोजने की विधि भी सिखाई गई। नाम खोजने की प्रक्रिया से संबंधित एक लीफलेट भी सभी को उपलब्ध कराया गया।
विद्यार्थियों और अभिभावकों को प्रशिक्षित करने की अपील
प्रशिक्षण में यह भी निर्देश दिया गया कि विद्यालयों में कक्षा 9, 10, 11 और 12 के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी SIR-2003 में नाम खोजने की जानकारी दी जाए। अधिकारियों ने अपील की कि लीफलेट को विद्यालय एवं कार्यालयों के ऐसे प्रमुख स्थानों पर लगाया जाए, जहां अभिभावकों की अधिक भीड़ रहती है। साथ ही बच्चों को इस प्रक्रिया में दक्ष बनाया जाए, ताकि वे घर पर अपने अभिभावकों को भी जानकारी दे सकें।
बीएलए और मीडिया की भूमिका
उपस्थित बी.एल.ए. से अनुरोध किया गया कि वे अपने-अपने बी.एल.ओ. को इस कार्य में सहयोग करें और अपने कार्यालयों में भी लीफलेट प्रदर्शित करें। वहीं, मीडिया प्रतिनिधियों से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग निर्वाचक सूची से जुड़ी प्रक्रिया से अवगत हो सकें।
1400 लोगों ने लिया प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में बी.एल.ए.-2 के 662, प्राचार्य/प्रधानाध्यापक/शिक्षक-शिक्षिकाओं के 616, तथा जिला के मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। कुल मिलाकर 1400 से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रियंका सिंह, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर ने की, जबकि मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण सत्र संचालित किया गया।
Exit mobile version