



जमशेदपुर: जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय में मुलाकात कर जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र की सड़क और पुल परियोजनाओं से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे। सांसद ने वर्षों से लंबित आधारभूत संरचना परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देने का आग्रह किया और कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से पूरे कोल्हान क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिल सकती है।
धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के दोनों ओर PCC सड़क निर्माण का प्रस्ताव
सांसद ने धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के दोनों ओर लगभग एक-एक किलोमीटर तक सीमेंट कंक्रीट (PCC) सड़क निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान लगातार बारिश से फ्लाईओवर के दोनों ओर की सड़कें बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती हैं, जिससे स्थानीय लोगों, व्यावसायिक वाहनों और प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनके अनुसार, उच्च गुणवत्ता वाली PCC सड़क इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकती है।
NH-18 और NH-220 के विस्तार से मिलेगा क्षेत्रीय लाभ
सांसद महतो ने NH-18 और अन्य प्रमुख सड़क परियोजनाओं के विस्तार का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने पारडीह काली मंदिर से पटमदा, काटिन, बेंगाबाद, झिलिमिली होते हुए बाँकुड़ा तक नए सड़क मार्ग के निर्माण तथा NH-220 को चाईबासा से हाता, जादूगोड़ा, मुसाबनी, गुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा सीमा तक विस्तारित किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा व्यापार, पर्यटन, उद्योग और परिवहन गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
CRIF के तहत सड़क और उच्च स्तरीय पुल की मांग
सांसद ने केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति देने का आग्रह किया। इनमें धालभूमगढ़–नरसिंहगढ़ रेलवे लेवल क्रॉसिंग से मुसाबनी–दुमरिया मार्ग होते हुए ओडिशा सीमा तक सड़क निर्माण तथा बामडोल घाट मार्ग पर स्वर्णरेखा नदी पर उच्च स्तरीय (HL) PSC पुल का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि विपणन और अंतरराज्यीय संपर्क की सुविधाएं मिलेंगी।
गडकरी ने सकारात्मक विचार का दिया आश्वासन
मुलाकात के दौरान सांसद ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं जनहित और क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आवश्यक प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और उन पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। सांसद ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से इन योजनाओं को शीघ्र स्वीकृति मिलेगी और पूरे कोल्हान क्षेत्र में सड़क संपर्क और आधारभूत संरचना विकास को नई गति प्राप्त होगी।


